Chhattisgarh News: GNM से नर्सिंग में अपग्रेड कॉलेजों को काउंसलिंग में शामिल करने की तैयारी
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जीएनएम (GNM) से नर्सिंग पाठ्यक्रम में अपग्रेड हुए आधा दर्जन कॉलेजों को अब काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। आज यानी 14 अक्टूबर को नर्सिंग में प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि है, लेकिन अब संभावना जताई जा रही है कि काउंसलिंग की तिथि बढ़ाई जा सकती है।

कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी
बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। हालांकि जीएनएम से नर्सिंग में अपग्रेड हुए कॉलेजों के नाम काउंसलिंग पोर्टल पर चॉइस इंस्टीट्यूट की सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, जिसके चलते कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो सकते हैं।
कॉलेज एसोसिएशन ने की हस्तक्षेप की मांग
प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की। संघ ने मांग की कि अपग्रेड हुए कॉलेजों को भी काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल कर प्रवेश की अनुमति दी जाए।
जल्द मिल सकती है राहत
सूत्रों के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा सचिव ने जीएनएम से नर्सिंग में अपग्रेड कॉलेजों को शामिल करने के संकेत दिए हैं। संभावना है कि मंगलवार तक इन कॉलेजों को काउंसलिंग पोर्टल पर शामिल करने और आवेदन की तिथि बढ़ाने को लेकर अधिकारिक घोषणा हो सकती है।
