Featuredछत्तीसगढ़

Chhattisgarh Budget 2026: विधानसभा में 1.72 लाख करोड़ का ‘संकल्प’ बजट पेश, शिक्षा-स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर बड़ा जोर

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ की आर्थिक दिशा तय करने वाला वित्त वर्ष 2026-27 का बजट आज विधानसभा में पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में प्रस्तुत करते हुए इसे ‘संकल्प’ थीम पर आधारित बताया। इस बार कुल बजट आकार 1.72 लाख करोड़ रुपये रखा गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि विकास की रणनीति का आधार ‘ज्ञान’ और ‘गति’ रहेगा।

Chhattisgarh Budget 2026


शिक्षा पर विशेष फोकस

Chhattisgarh Budget 2026 में शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो नई एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर और सरगुजा जैसे अंचलों में आधुनिक शिक्षा ढांचा विकसित किया जाए।

महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के लिए बड़े प्रावधान

महिला सशक्तिकरण को मजबूती देते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं को 14 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जाने की जानकारी दी। नए बजट में इस योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा:

  • मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना और महतारी सदन के लिए 275 करोड़ रुपये
  • बालिकाओं के लिए ‘दुर्गावती योजना’ — 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये
  • 5 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 42 करोड़ रुपये
  • आयुष्मान भारत योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये
  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये
  • दवा गुणवत्ता जांच लैब के लिए 25 करोड़ रुपये
  • रायपुर में नया होम्योपैथी कॉलेज खोलने की घोषणा

बस्तर-सरगुजा अंचल के विकास पर जोर

बजट में बस्तर और सरगुजा के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है। इंटरनेट सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और 70 नई बस सेवाओं के संचालन के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए:

  • होम स्टे पॉलिसी हेतु 10 करोड़ रुपये
  • मैनपाट पर्यटन विकास के लिए 5 करोड़ रुपये

कृषि और रोजगार सृजन के लिए निवेशकों को 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की भी घोषणा की गई है।

आधारभूत संरचना में बड़ा निवेश

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत:

  • नारायणपुर-जटलूर मार्ग: 28 करोड़ रुपये
  • दंतेवाड़ा: 9 करोड़ रुपये
  • सुकमा: 7 करोड़ रुपये
  • बलरामपुर: 10 करोड़ रुपये
  • इंद्रावती क्षेत्र में 68 किमी नगर निर्माण: 2024 करोड़ रुपये
  • कांकेर बैराज परियोजना: 400 करोड़ रुपये
  • बस्तर विकास प्राधिकरण: 75 करोड़ रुपये

सरकार का दावा है कि ये प्रावधान राज्य के दूरस्थ इलाकों में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।

बजट सत्र की पृष्ठभूमि

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुई थी। साय सरकार का यह तीसरा बजट शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *