CGPSC Scam: मीशा कोशले और दीपा आदिल को मिली जमानत
CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ पीएससी फर्जीवाड़ा मामले में आरोपी मीशा कोशले और दीपा आदिल को सीबीआई कोर्ट से जमानत मिल गई है। दोनों ने अदालत में जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसके आधार पर अदालत ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर की।

बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि इस मामले में अन्य चार आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से पहले ही जमानत मिल चुकी है। इन्हीं जमानत आदेशों का हवाला देते हुए मीशा कोशले और दीपा आदिल की ओर से राहत की मांग की गई थी। कोर्ट ने तर्कों को सुनने के बाद दोनों को जमानत देने का निर्णय सुनाया।
दोनों महिला आरोपी टामन सिंह सोनवानी की रिश्ते में बहू और भतीजी हैं। बता दें कि सीजीपीएससी घोटाले से जुड़े मामले में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने नितेश सोनवानी, साहिल सोनवानी, शशांक गोयल और भूमिका कटियार को जमानत दी थी। ये चारों आरोपी कई महीनों से रायपुर जेल में न्यायिक हिरासत में थे।
फिलहाल इस मामले में पूर्व सीजीपीएससी चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक अभी भी रायपुर जेल में बंद हैं। जांच एजेंसियां इस पूरे फर्जीवाड़े की गहराई तक पड़ताल कर रही हैं।
