CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मोंथा आज भी बरसाएगा बारिश, रायपुर का तापमान 3 डिग्री गिरा
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवात मोंथा (Montha Cyclone) का असर अभी खत्म नहीं हुआ है. राज्य के कई हिस्सों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात हो सकता है. वहीं, राजधानी रायपुर में तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है.

मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
मोंथा का अवशेष अब पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में सक्रिय है. इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने से पूर्वी मध्यप्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों तक इसका असर बना रहेगा.
कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई —
- बड़े बचेली: 6 सेमी
- भोपालपटनम: 4 सेमी
- कुसमी: 3 सेमी
- कुटरू, भैरमगढ़, नारायणपुर: 2 सेमी
- जगदलपुर, कटघोरा, बीजापुर: 1 सेमी
रायपुर में भी सुबह हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे.
अगले 3 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर, कोरिया और मरवाही जिलों में गरज-चमक, तेज हवा (30–40 KMPH) और मध्यम वर्षा की चेतावनी जारी की है.
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान लगभग 23°C रह सकता है.
