CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मौसम पर एक बार फिर बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदाब के क्षेत्र का असर दिखने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं शनिवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, सरगुजा, रायगढ़, कोरिया, जशपुर और कोरबा जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की भी आशंका है।
कैसा रहेगा 4 अक्टूबर का मौसम:
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 4 अक्टूबर को प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का क्षेत्र अधिक सक्रिय रहेगा, जबकि मध्य और दक्षिणी जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है। 5 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
मौसम को प्रभावित कर रहा सिस्टम:
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि एक अवदाब का क्षेत्र (Low Pressure Area) वर्तमान में अंदरूनी ओडिशा के ऊपर सक्रिय है, जो लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके कमजोर होकर उत्तर छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है। इसके अलावा, एक द्रोणिका (Trough Line) अंदरुनी ओडिशा से मध्य प्रदेश तक फैली हुई है, जो लगभग 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इस कारण से नमी का प्रवाह लगातार बना हुआ है।
बिलासपुर और आसपास का हाल:
बिलासपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। शाम तक झड़ी जैसी स्थिति बनी रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और झांकी आयोजन पर भी इसका असर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3–4 डिग्री कम होकर 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में ठंडक और रात में हल्की उमस का एहसास बना रहा।
