CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आने वाली ठंड की दस्तक, घटती नमी से 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कमजोर पड़ने से वातावरण में नमी की मात्रा घटने लगी है, जिसका सीधा असर अब तापमान पर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 24 घंटे में रात के तापमान में करीब 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि दो दिन बाद यह गिरावट 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है।

ठंडी हवाओं का असर शुरू
राज्य में अब ठंडी हवाएं उत्तरी दिशा से प्रवेश कर रही हैं, जिससे सुबह और रात में ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब लोगों को धीरे-धीरे रजाई और कंबल की जरूरत महसूस होने लगेगी।
नमी घटने से बदलेगा मौसम का रुख
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की आपूर्ति घट रही है।
कहां होगी हल्की बारिश
गुरुवार को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके अलावा राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
कितना गिरेगा तापमान?
- उत्तरी छत्तीसगढ़ में 6 नवंबर से तापमान में गिरावट शुरू होगी।
- मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर से अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 4°C तक गिर सकता है।
रायपुर का मौसम आज
राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। तापमान 19 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, सुबह और देर शाम हल्की ठंडक महसूस की जा सकेगी।
