Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज, इन इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर की संभावना

CG Weather Update: रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में शुष्क और ठंडी हवा की वापसी हुई है, जिससे बीते 24 घंटों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। खासकर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में माना और लालपुर इलाके में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।

CG Weather Update


मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के कारण रात के समय शीतलहर चली और सुबह घनी धुंध देखने को मिली। कड़ाके की ठंड के चलते दिन में निकलने वाली धूप भी ज्यादा असरदार नहीं रही।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के बाद लौटे ठंडे हवाओं का सबसे ज्यादा असर मध्य छत्तीसगढ़ में पड़ा है। रायपुर और दुर्ग जिलों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

इन इलाकों में 2 दिन तक शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। बुधवार को उत्तरी इलाकों के एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह और देर रात लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

15 जनवरी तक कैसा रहेगा तापमान?

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 15 जनवरी तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड के असर में भी कुछ कमी आ सकती है।

प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान

  • लालपुर (रायपुर): 14.3°C से गिरकर 11°C
  • माना (रायपुर): 12.1°C से गिरकर 7.0°C
  • दुर्ग: 12.0°C से गिरकर 7.4°C
  • जगदलपुर: 12.9°C से गिरकर 10.5°C

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी से राहत मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *