CG Weather News : छत्तीसगढ़ में शीतलहर की चेतावनी, अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड, 3.5 डिग्री पर पहुंचा पारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर (Cold Wave) को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे आमजन को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है, लेकिन इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा जिला
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे ठंडा जिला अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा—
- पेंड्रारोड: 6.0 डिग्री
- राजनांदगांव: 8.5 डिग्री
- दुर्ग: 8.2 डिग्री
- जगदलपुर: 9.0 डिग्री
- बिलासपुर: 10.8 डिग्री
- रायपुर: 10.7 डिग्री सेल्सियस
लगातार गिरते तापमान के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को शीतलहर से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त सावधानियां बरतने को कहा गया है।
मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, बुधवार को भी सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर और अधिक महसूस हुआ।
प्रदेश में अधिकतम तापमान की बात करें तो जगदलपुर में 29.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया।
गुरुवार को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
रायपुर शहर का स्थानीय मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 1 जनवरी को सुबह के समय धुंध (Fog) छाए रहने की संभावना है।
- अधिकतम तापमान: लगभग 28 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: करीब 12 डिग्री सेल्सियस
