Featuredछत्तीसगढ़

CG News: ठंड से बचने आग तापते समय झुलसकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत

CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ती ठंड ने जहां लोगों को अलाव व आग तापने पर मजबूर कर दिया है, वहीं इससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में आग तापते समय झुलसकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। एक घटना सरगुजा के मैनपाट थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी घटना सूरजपुर जिले में हुई है।


पहली घटना: 65 वर्षीय महिला चूल्हे में गिरकर बुरी तरह झुलसी

मैनपाट थाना क्षेत्र के सुपलगा गांव में 65 वर्षीय परमेश्वरी नायक अपने पति के साथ घर के भीतर आग ताप रही थी। थोड़ी देर बाद पति सोने चला गया। जब परमेश्वरी भी उठकर सोने जा रही थी तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह जलते चूल्हे में गिर गई। उनकी चीख सुनकर पति पहुंचा और आग बुझाई, लेकिन गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल ले जाने के बजाय जड़ी-बूटी से घर पर ही इलाज किया गया। लगातार 14 दिनों तक समुचित उपचार न मिलने से उसकी हालत खराब होती चली गई। 15 नवंबर को स्थिति गंभीर होने पर उसे कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया, वहां से रेफर कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना: हीटर से तापते समय 35 वर्षीय महिला झुलसी

सूरजपुर जिले के जोबगा गांव में 35 वर्षीय लीला बरवा की आग तापते समय मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात वह घर में हीटर के पास बैठकर ताप रही थी, जबकि पति गांव में धान बेचने गया था। जब देर रात पति लौटा तो उसने लीला को गंभीर अवस्था में झुलसा हुआ पाया। सूरजपुर अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड के दौरान आग तापने से जुड़ी लापरवाही और जोखिम को उजागर किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *