Featuredछत्तीसगढ़

CG News: मसाज सेंटर पहुंचे दो नायब तहसीलदारों पर हमला, आधा दर्जन युवकों ने की मारपीट

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ी वारदात हुई। दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हमला कर दिया। घटना आदर्श नगर बस्ती स्थित राजेश ब्यूटी पार्लर के बाहर की बताई जा रही है।

हमले में दोनों अधिकारियों को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

घटना का पूरा घटनाक्रम

सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दीपका और हरदीबाजार तहसीलदार अपने परिचित पटवारी त्रिलोक सोनवानी से मिली जानकारी के आधार पर राजेश ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे, जहां मसाज की सेवा की जानकारी दी गई थी। दोनों अधिकारी अलग-अलग ब्लैक स्कॉर्पियो वाहनों में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां आए और वाहनों के चालकों से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों तहसीलदार बाहर आए और मामला शांत करने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, और स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी आदतन अपराधी

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार युवकों — पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी — को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी हितेश सारथी को आदतन अपराधी बताया गया है, जिसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि “आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास), डकैती और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”

घटना के बाद प्रशासन में हलचल

दो तहसीलदारों पर हमले की इस घटना से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी युवक किस मकसद से वहां पहुंचे थे और हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *