CG News: छत्तीसगढ़ के इस खिलाड़ी ने जीता गोल्ड, शहीद जवानों को समर्पित की जीत
CG News: भारत के गौरव और छत्तीसगढ़ के होनहार पैरा आर्म रेसलर श्रीमंत झा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने जर्मनी में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में +80 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा।

विश्व चैंपियन को हराकर किया भारत का नाम ऊँचा
17 से 19 अक्टूबर 2025 तक जर्मनी में हुए इस मुकाबले में श्रीमंत झा ने जर्मनी के मौजूदा विश्व चैंपियन एरिक हॉप्पे (Eric Hoppe) को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अपनी इस उपलब्धि को उन्होंने देश के वीर शहीद जवानों को समर्पित किया और कहा — “यह पदक सिर्फ मेरी जीत नहीं, बल्कि उन अमर वीरों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने भारत माता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।”
वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई
इस जीत के साथ ही श्रीमंत झा ने हंगरी में होने वाले पैरा आर्म रेसलिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वह अब तक भारत के लिए 58 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुके हैं और एशिया के नंबर 1 पैरा आर्म रेसलर हैं।
बधाइयों की झड़ी
पीपल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन इंडिया की अध्यक्षा प्रीति झींज्ञानी, छत्तीसगढ़ आर्म रेसलिंग संघ के अध्यक्ष जी. सुरेश बाबे, चेयरमैन बृज मोहन सिंह, सचिव श्रीकांत, कृष्ण साहू और कोच राजू साहू ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।
श्रीमंत झा का संदेश और अपील
श्रीमंत झा ने कहा — “देश के लिए कुछ करने का सपना देखो और उसके लिए मेहनत करो। हार का डर छोड़ो, समर्पण से हर मंज़िल पाई जा सकती है।” उन्होंने साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार से सरकारी नौकरी की अपील की ताकि वे अपने परिवार का सहारा बन सकें और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की तैयारी पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।
गौरव का पल
श्रीमंत झा की यह जीत न केवल भारत बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और राष्ट्र गौरव का प्रतीक बन गई है।
