CG News: राज्य युवा महोत्सव का आज होगा आगाज, 3000 युवा 14 विधाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
CG News: छत्तीसगढ़ में युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य युवा महोत्सव 2025 का आज यानी 23 दिसंबर से आगाज होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इस तीन दिवसीय आयोजन का आयोजन बिलासपुर के खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में किया जा रहा है, जो 25 दिसंबर तक चलेगा।

इस राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रदेशभर से लगभग 3000 युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। ये सभी प्रतिभागी जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता हैं, जो अब 14 विभिन्न विधाओं में अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस महोत्सव के विजेता प्रतिभागी आगामी वर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन दिग्गजों की मौजूदगी में होगा शुभारंभ
राज्य युवा महोत्सव के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राज्यपाल रमेन डेका 25 दिसंबर को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
14 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
राज्य युवा महोत्सव में 8 दलीय और 6 एकल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
दलीय विधाएं
- लोकनृत्य
- पंथी नृत्य
- राउत नाचा
- सुआ नृत्य
- करमा नृत्य
- लोकगीत
- रॉक बैंड
- एकांकी
एकल विधाएं
- वाद-विवाद
- कहानी लेखन
- चित्रकला
- कविता लेखन
- नवाचार (साइंस मेला)
- पारंपरिक वेशभूषा
लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में भाग लेंगे।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
- दलीय विधाएं
- प्रथम: ₹20,000
- द्वितीय: ₹15,000
- तृतीय: ₹10,000
- एकल विधाएं
- प्रथम: ₹5,000
- द्वितीय: ₹3,000
- तृतीय: ₹2,000
इसके अलावा महोत्सव में भाग लेने वाले हर प्रतिभागी को ₹1000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सांस्कृतिक संध्या और खास प्रस्तुतियां
23 दिसंबर को उद्घाटन के दिन शाम 5 से 8 बजे तक आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की शानदार प्रस्तुति होगी, साथ ही नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब कलाकारों का प्रदर्शन होगा। इसी दिन रात 8:30 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास सहित कई प्रसिद्ध कवि शिरकत करेंगे। 24 दिसंबर को काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड, जबकि 25 दिसंबर को आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैंड की प्रस्तुति होगी। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
