CG News: 10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा कल से शुरू, अनुपस्थित छात्रों को नहीं मिलेगा दूसरा मौका
CG News Raipur: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE / माशिमं) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू की जा रही हैं। बोर्ड ने साफ निर्देश दिए हैं कि प्रैक्टिकल परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा अवसर नहीं मिलेगा।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से आयोजित की जानी हैं, इसी वजह से प्रैक्टिकल परीक्षा को निर्धारित समय से करीब 10 दिन पहले रखा गया है। मंडल ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए 1 जनवरी से 20 जनवरी तक की तिथि तय की है।
स्कूलों को मिली प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी
हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य अपनी सुविधा के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा का आयोजन करेंगे। हालांकि, माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन अनिवार्य होगा।
गाइडलाइन के अनुसार:
- प्रैक्टिकल परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य है
- अनुपस्थित विद्यार्थियों को किसी भी स्थिति में विशेष अनुमति नहीं मिलेगी
- दोबारा प्रैक्टिकल परीक्षा का अवसर नहीं दिया जाएगा
इसकी पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख (प्राचार्य) की होगी।
बाह्य परीक्षक मंडल द्वारा नियुक्त, स्कूल नहीं कर सकेंगे नियुक्ति
माशिमं ने स्पष्ट किया है कि:
- प्रैक्टिकल परीक्षा मंडल द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक की उपस्थिति में ही होगी
- स्कूल अपनी मर्जी से बाह्य परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकते
- ऐसा करने पर प्रैक्टिकल परीक्षा अमान्य मानी जाएगी
वहीं आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संस्था स्तर पर की जाएगी, जिसमें संबंधित विषय शिक्षक को ही आंतरिक परीक्षक बनाया जाएगा।
प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक नहीं होंगे
मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक की नियुक्ति नहीं की जाएगी। प्रोजेक्ट का मूल्यांकन संस्था स्तर पर ही किया जाएगा।
प्रैक्टिकल परीक्षा का होगा आकस्मिक निरीक्षण
माशिमं के अधिकारी प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। ऐसे में सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि:
- परीक्षा को गंभीरता से और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराएं
- गत वर्षों की बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग करें
- उत्तरपुस्तिकाओं की कमी होने पर स्थानीय स्तर पर व्यवस्था करें
अपात्र विद्यार्थियों के अंक होंगे अमान्य
पात्रता के अभाव में जिन विद्यार्थियों का फॉर्म निरस्त किया गया है, उनके प्रैक्टिकल अंक मंडल द्वारा अमान्य कर दिए जाएंगे।
