Featuredछत्तीसगढ़

CG News: अब शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति होगी अनिवार्य, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश

CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने अब शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में अब “विद्या समीक्षा केंद्र” मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। विभाग ने ऐप डाउनलोड करने के लिए प्ले स्टोर लिंक भी साझा किया है, जिससे स्कूल प्रशासन को किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न हो।

7 जिलों में मिला सकारात्मक परिणाम

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, यह व्यवस्था पहले छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की गई थी, जहां इसके बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए। इसी सफलता को देखते हुए अब इसे राज्य के शेष 26 जिलों में भी लागू करने का निर्णय लिया गया है।

दैनिक निगरानी और राष्ट्रीय स्तर पर रिपोर्टिंग

निर्देशों में साफ कहा गया है कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। साथ ही इसकी सतत निगरानी भी की जाएगी। शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय विद्या समीक्षा केंद्र को प्रतिदिन उपस्थिति से जुड़ी जानकारी भेजी जाएगी, जिसके आधार पर स्कूलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था में आएगा सुधार

इस नई व्यवस्था से न सिर्फ शिक्षकों की जवाबदेही बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर भी नजर रखी जा सकेगी। माना जा रहा है कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और पारदर्शिता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *