Featuredछत्तीसगढ़

CG News: राज्य युवा महोत्सव के दौरान पंडाल में लगी आग, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आयोजित राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल पर बने पंडाल में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा मंच पर मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पंडाल के एक हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें नजर आने लगीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आयोजन से जुड़े लोग घबरा गए। स्थिति कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी बन गई।

त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी अनहोनी

मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंडाल में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी अतिथि सुरक्षित रहे। घटना के बाद आयोजन स्थल की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *