CG News: अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में दमखम दिखाकर लौटी छत्तीसगढ़ की टीम, CM साय ने दी बधाई
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में हिस्सा लेकर लौटी छत्तीसगढ़ की टीम ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल टीम बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने खिलाड़ियों को इसी जोश और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि राज्य के आदिवासी युवाओं में खेल के प्रति अद्भुत प्रतिभा है, और सरकार की पहल ने घुड़सवारी एवं पोलो खेल को नई दिशा दी है।
छत्तीसगढ़ ने पहली बार रचा इतिहास
छत्तीसगढ़ ने पहली बार 22 से 29 नवंबर 2025 तक इंफाल में आयोजित 15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। इस मौके पर देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया। छत्तीसगढ़ टीम ने अमेरिका, कोलंबिया, इंडियन पोलो एसोसिएशन और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों से मुकाबला कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। यह उपलब्धि आदिवासी युवाओं की बढ़ती खेल सहभागिता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
टीम के सदस्यों ने बढ़ाया गौरव
इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले प्रमुख खिलाड़ी थे— लेफ्टिनेंट कर्नल अमन सिंह (एनसीसी), लांस नदिम अली (सेवानिवृत्त), वेदिका शरण, चित्रभानु सिंह, सैमुअल विश्वकर्मा, गोलू राम कश्यप, सुभाष लेकामि और देवकी कड़ती। बता दें कि वेदिका शरण इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने सितंबर 2025 में बेंगलुरु में आयोजित घुड़सवारी प्रतियोगिता में अपने आयु वर्ग में भारत में दूसरा और विश्व स्तर पर 15वां स्थान हासिल किया था।
‘खेल से शक्ति’ पहल का बड़ा योगदान
इस उपलब्धि के पीछे कई संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें— छत्तीसगढ़ शासन, भारतीय सेना (NCC), दंतेवाड़ा जिला प्रशासन, कांकेर जिला प्रशासन और ब्रीगो एंड हेक्टर इक्वेस्ट्रियन मैनेजमेंट कंपनी मुख्य रूप से शामिल हैं।
राज्य सरकार की “खेल से शक्ति” पहल के तहत दंतेवाड़ा और कांकेर जिले के प्रतिभाशाली छात्रों को घुड़सवारी और पोलो का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय सेना के अनुभवी पोलो खिलाड़ियों के सहयोग से संचालित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल आदिवासी युवाओं को खेल, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है। इस अवसर पर आयुक्त सीजी हाउसिंग बोर्ड अवनीश शरण एवं घुड़सवारी प्रशिक्षक गीता दहिया भी उपस्थित थीं।
