Chhattisgarh Bandh News: धर्मांतरण के विरोध में आज छत्तीसगढ़ बंद, रायपुर सहित कई जिलों में दिखा असर
CG News: कांकेर जिले के आमबेदा इलाके के बड़े तेवड़ा गांव में हुए शव दफन विवाद और कथित धर्मांतरण के विरोध में बुधवार 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सर्व समाज द्वारा प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और ट्रांसपोर्ट चैंबर का भी समर्थन मिला है।

बंद के दौरान राजधानी रायपुर में जयस्तंभ चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर व्यापारी दुकानें बंद कराने सड़कों पर उतरे। इस दौरान व्यापारियों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बंद का असर सुबह से ही बाजारों में देखने को मिला।
व्यापार और परिवहन सेवाएं प्रभावित
छत्तीसगढ़ बंद के चलते प्रदेश के कई इलाकों में दुकानें, सब्जी मंडियां, ट्रांसपोर्ट सेवाएं और अन्य व्यापारिक गतिविधियां ठप रहीं। राजधानी रायपुर के अलावा दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, कांकेर सहित अन्य शहरों में भी बंद का असर दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है। व्यापारी संगठनों का कहना है कि यह बंद सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर जनभावनाओं को सामने लाने के उद्देश्य से किया गया है।
कांकेर में निकाली जाएगी रैली
कांकेर जिले में बुधवार को सुबह 11 बजे वंदे मातरम स्थल से कांकेर डोम तक एक बड़ी रैली निकाली जाएगी। इस रैली में सर्व समाज के लोग शामिल होंगे। रैली के बाद 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। सर्व समाज का कहना है कि शव दफन विवाद और धर्मांतरण से जुड़े मामलों में प्रशासन को स्पष्ट और सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
