Featuredछत्तीसगढ़

CG News: कैमरे में कैद हुआ वयस्क नर बाघ, ग्रामीणों में दहशत

CG News: बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में अपने पदचिन्हों के जरिए मौजूदगी का अहसास कराने वाला बाघ आखिरकार कैमरे में कैद हो गया है। मानपुर दक्षिण वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन भूमि कक्ष क्रमांक 1080 में लगाए गए कैमरे में वयस्क नर बाघ की स्पष्ट तस्वीर रिकॉर्ड हुई है। इसकी पुष्टि डीएफओ दिनेश पटेल ने की है।

दो दिन पहले नवागढ़ में किया था गाय का शिकार

औंधी तहसील क्षेत्र के नवागढ़ गांव के आसपास बीते दो दिनों में कई बार बाघ की मौजूदगी देखी गई थी। गांव के एक पालतू गाय का बाघ ने शिकार भी किया था, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई थी। पदचिन्ह मिलने के बाद वन विभाग ने मंगलवार को नवागढ़ के पास तीन कैमरे लगाए थे ताकि बाघ की पहचान हो सके।

कैमरे में कैद हुई तस्वीर ने पुख्ता की मौजूदगी

कैमरा ट्रैप में कैद हुई तस्वीरों ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में एक वयस्क नर बाघ सक्रिय है। वन विभाग लगातार इलाके में निगरानी कर रहा है और टीम अलर्ट मोड में है।

ग्रामीणों में खौफ, वन विभाग ने दिया सतर्कता का निर्देश

बाघ की सक्रियता के कारण गांवों में भय और सतर्कता का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों को निम्न सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

  • शाम के बाद अकेले बाहर न निकलें
  • मवेशियों को सुरक्षित जगह बांधकर रखें
  • बच्चों और बुजुर्गों को जंगल की ओर न जाने दें
  • किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें

वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि किसी भी विषम स्थिति से निपटने के लिए पूरा अमला तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *