CG Bomb Threat: पाकिस्तान–ISI के नाम से बस्तर कोर्ट को उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप
CG Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिसमें पाकिस्तान और ISI का नाम लेकर सुसाइड बम और ज़हर गैस से हमले की बात कही गई।

धमकी भरा ई-मेल सुबह करीब 4:30 बजे भेजा गया था, जिसकी जानकारी कोर्ट खुलने के बाद अधिकारियों को मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
ई-मेल में दो सुसाइड बम और ज़हर गैस का दावा
धमकी वाले मेल में लिखा गया कि कोर्ट परिसर में 2 सुसाइड बम धमाके किए जाएंगे और इसके साथ ही तीन ज़हर गैस बम लगाए गए हैं। मेल में यह भी चेतावनी दी गई कि दोपहर 1:45 बजे तक जजों को कोर्ट से बाहर निकाल लिया जाए, वरना बड़ा नुकसान होगा। मेल में अमोनियम नाइट्रेट और नर्व गैस का जिक्र करते हुए भोपाल गैस त्रासदी से तुलना कर डर फैलाने की कोशिश की गई।
पाकिस्तान और ISI का नाम लेकर देशविरोधी नारे
ई-मेल भेजने वाले ने खुद को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और DMK से जुड़ा बताया है। मेल के अंत में देशविरोधी नारे भी लिखे गए, जिससे इस धमकी को और गंभीर माना जा रहा है। धमकी देने के लिए जिस ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किया गया है, उसकी साइबर टीम द्वारा जांच की जा रही है।
बम स्क्वॉड की जांच में कुछ नहीं मिला, सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी मिलते ही बस्तर एसपी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।
बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने:
- कोर्ट के सभी कक्ष
- जजों के चेंबर
- पार्किंग में खड़ी गाड़ियां
- आसपास के इलाके
की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन कोर्ट और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
दहशत फैलाने की साजिश या साइबर शरारत?
प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में देख रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह:
- किसी आतंकी साजिश का हिस्सा है
- या फिर पाकिस्तान–ISI का नाम लेकर जानबूझकर दहशत फैलाने की कोशिश
फिलहाल साइबर क्राइम ब्रांच और खुफिया एजेंसियां मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में लगी हुई हैं।
