Featuredखेलछत्तीसगढ़

CG Big News: छत्तीसगढ़ खेल जगत को बड़ा झटका, अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर DSP रुस्तम सारंग ने संन्यास का किया ऐलान

CG Big News: छत्तीसगढ़ के खेल जगत से एक बेहद चौंकाने वाली और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर और डीएसपी रुस्तम सारंग (Rustam Sarang) ने खेल जगत से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से खेल प्रशिक्षण और सभी खेल गतिविधियों से खुद को अलग करने का ऐलान किया है।

उनके इस फैसले से खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच गहरी निराशा देखी जा रही है। सोशल मीडिया पोस्ट से स्पष्ट है कि वे लंबे समय से मिल रही उपेक्षा और अनदेखी से आहत थे।

सोशल मीडिया पोस्ट में छलका दर्द

डीएसपी रुस्तम सारंग ने अपने पोस्ट में लिखा— आज से अभी से खेल प्रशिक्षण और खेल की सभी गतिविधियों से मैं संन्यास की घोषणा करता हूं। भविष्य में मैं किसी प्रकार के खेल प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों में सम्मिलित नहीं रहूंगा। कुछ दिनों से लगातार महसूस कर रहा हूं कि मेरे 24 वर्षों के खेल अनुभव की अब राज्य या समाज को जरूरत नहीं। इसलिए मैं खेल प्रशिक्षण, खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों से संन्यास की घोषणा करता हूं। जय जोहार।”

उनके इस बयान ने राज्य की खेल नीति और खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

गौरतलब है कि रुस्तम सारंग को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के सर्वोच्च खेल अलंकरणों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें—

  • वर्ष 2006-07: शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार
  • वर्ष 2007-08: शहीद राजीव पाण्डेय खेल पुरस्कार
  • वर्ष 2009-10: गुंडाधुर सम्मान

से नवाजा गया था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया प्रदेश का नाम रोशन

रुस्तम सारंग ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी छत्तीसगढ़ और भारत का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

एक नजर में DSP रुस्तम सारंग की प्रमुख उपलब्धियां

2006 – जूनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: गोल्ड

2006 – सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: ब्रॉन्ज

2006 – नेशनल गेम्स, गुवाहाटी: सिल्वर

2007 – ऑल इंडिया पुलिस गेम्स: गोल्ड

2009 – कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप (मलेशिया): गोल्ड

2011 – वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: गोल्ड (ओलिंपिक क्वालिफायर)

2014 – वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: गोल्ड (ओलिंपिक क्वालिफायर)

2015 – केरल नेशनल गेम्स: गोल्ड

खेल जगत में उठे सवाल

एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और अनुभवी प्रशिक्षक का इस तरह संन्यास लेना छत्तीसगढ़ खेल तंत्र के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसे अनुभवी खिलाड़ियों के अनुभव का सही उपयोग नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *