Border 2 Review: देशभक्ति और इमोशन का दमदार संगम, सनी देओल फिर बने फौजियों की ताकत
Border 2 Movie Review in Hindi: साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘बॉर्डर 2’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। करीब 30 साल पहले आई ‘बॉर्डर’ ने जिस देशभक्ति के इमोशन को जिंदा किया था, उसका असर आज भी लोगों के दिलों में है। ऐसे में सीक्वल को लेकर उम्मीदें भी ज्यादा थीं और डर भी कि कहीं उस इमोशन से समझौता न हो जाए। लेकिन फिल्म का इंटरवल पॉइंट आते-आते यह साफ हो जाता है कि ‘बॉर्डर 2’ उस जज़्बे को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ाती है।

कहानी: जंग से पहले का सन्नाटा और रिश्तों का इमोशनल बॉन्ड
फिल्म की शुरुआत युद्ध की आधिकारिक घोषणा से पहले होती है और इंटरवल पाकिस्तान के ऑपरेशन चंगेज खान के साथ आता है, जो 1971 के भारत-पाक युद्ध की शुरुआत थी।
इसी बीच हमें तीन युवा कैडेट्स से मिलवाया जाता है—
- होशियार सिंह दहिया (वरुण धवन)
- निर्मलजीत सिंह सेखों (दिलजीत दोसांझ)
- एम.एस. रावत (अहान शेट्टी)
इनकी ट्रेनिंग होती है सख्त लेकिन दिलदार ट्रेनिंग ऑफिसर फतेह सिंह कलेर (सनी देओल) के अंडर। ट्रेनिंग, दोस्ती, शरारत, शादियां, गाने और परिवार—फर्स्ट हाफ में फिल्म पूरी तरह इमोशनल ग्राउंड तैयार करती है। यही वो जज़्बा है, जिसके भरोसे एक फौजी सरहद पर जान दांव पर लगाता है।
एक्टिंग: सनी देओल का दम, यंग स्टार्स का असर
अगर ‘बॉर्डर 2’ का शरीर सनी देओल हैं, तो उसकी आत्मा इमोशन है।
सनी देओल अब भी उसी जोश के साथ स्क्रीन पर छा जाते हैं। वरुण, दिलजीत और अहान अपने किरदारों में ईमानदार और प्रभावशाली लगे हैं। खासतौर पर इमोशनल सीन में तीनों यंग एक्टर्स दिल जीत लेते हैं।
सेकंड हाफ: एक्शन, बलिदान और भावनात्मक चोट
सेकंड हाफ युद्ध के मैदान में ले जाता है, जहां कहानी चार प्रमुख लड़ाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है। डायरेक्टर अनुराग सिंह ने ग्रैंड स्केल की जगह इमोशनल स्टोरीटेलिंग को प्राथमिकता दी है, जो फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष बनता है।
VFX बहुत हाई लेवल नहीं है, खासकर एयर और नेवल फाइट में कमियां दिखती हैं, लेकिन ये कहानी पर हावी नहीं होतीं। एक्शन सीन ज्यादा रियल और क्लोज-कॉम्बैट स्टाइल में रखे गए हैं, जिससे गंभीरता बनी रहती है। हालांकि कुछ जगहों पर पेस थोड़ा स्लो लगता है और पाकिस्तानी किरदारों को ओवर-द-टॉप दिखाने का पुराना बॉलीवुड टच भी नजर आता है।
क्लाइमैक्स और म्यूजिक: आंखें नम कर देगा ‘मिट्टी के बेटे’
फिल्म के आखिरी हिस्से में पुराने ‘बॉर्डर’ के किरदारों का हल्का-सा कॉलबैक मिलता है, जो फैंस के लिए खास है। क्लाइमैक्स में बजने वाला ‘मिट्टी के बेटे’ गाना आंखें नम कर देता है और फिल्म का इमोशनल मैसेज मजबूती से सामने रखता है।
फैसला: क्या ‘बॉर्डर 2’ देखनी चाहिए?
कुल मिलाकर ‘बॉर्डर 2’ युद्ध की नहीं, बल्कि युद्ध लड़ने वालों की कहानी है। यह दिखाती है कि जंग एक फौजी की जिंदगी में क्या बदल देती है—उसके सपने, रिश्ते और उसका भविष्य। इसी वजह से यह फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल कहलाने की हकदार है। अगर आपको देशभक्ति, इमोशनल ड्रामा और मजबूत परफॉर्मेंस पसंद है, तो ‘बॉर्डर 2’ जरूर देखें।
