Bilaspur News: सजा गर्म कपड़ों का सबसे सस्ता बाजार, 100 रुपये में तीन कंबल, 300 में…!
Bilaspur News: नवंबर की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। तापमान में गिरावट आते ही बिलासपुर के बाजारों में गर्म कपड़ों की रौनक बढ़ गई है। शहर में लखीराम ऑडिटोरियम, सदर बाजार, नया बस स्टैंड, ईदगाह चौक, मिशन हॉस्पिटल रोड, तेलीपारा, बुधवारी और राजकिशोर नगर समेत कई इलाकों में सस्ता गर्म कपड़ों का बाजार सज चुका है, जहां कम दाम में बढ़िया क्वालिटी के गर्म कपड़े खरीदे जा सकते हैं।

100 रुपये में तीन बेबी कंबल
लखीराम ऑडिटोरियम के पास लगे बाजार में गर्म कपड़ों की कीमतें बेहद किफायती हैं।
- 100 रुपये में तीन बेबी कंबल
- 300 रुपये से स्वेटर और कंबल की शुरुआत
- प्रीमियम क्वालिटी के गर्म कपड़ों की कीमत 2000 रुपये तक
गर्म कपड़े बेचने वाले विक्रेता अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि वे हर साल जालंधर से सामान लेकर आते हैं। यहां हर उम्र और हर बजट के लिए विकल्प उपलब्ध हैं, जिसकी वजह से भीड़ भी बड़ी संख्या में उमड़ती है।
खरीदारों को हो रही बंपर बचत
गर्म कपड़े खरीदने पहुंचे उपभोक्ता भी इन बाजारों को काफी सस्ता और फायदेमंद बता रहे हैं। ग्राहक विजय कुमार ने बताया कि उन्हें बाजार भाव से काफी कम दाम में बढ़िया क्वालिटी के कंबल और बच्चों के कपड़े मिल रहे हैं। उन्होंने 300 रुपये में एक अच्छा कंबल खरीदा, जो सामान्य दुकानों की तुलना में काफी सस्ता है।
मौसमी बाजार बना लोगों का आकर्षण
खरीदार जयशंकर राय ने बताया कि यह मौसमी बाजार हर साल लगता है और आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आता है। यहां न सिर्फ खरीददारों को फायदा होता है, बल्कि स्थानीय छोटे दुकानदारों और विक्रेताओं को भी रोजगार का अवसर मिलता है। ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में इन बाजारों में और भी भीड़ देखने को मिल सकती है।
