Featuredछत्तीसगढ़

DJ Rules: रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा DJ-धुमाल रायपुर में पुलिस और संचालकों की बैठक में बड़ा फैसला

DJ Rules: विवाह सीजन के दौरान डीजे और धुमाल को लेकर बढ़ती शिकायतों और विवादों को देखते हुए छत्तीसगढ़ में पहली बार पुलिस अधिकारियों और डीजे-धुमाल संचालकों की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया कि रात 10 बजे के बाद किसी भी कार्यक्रम में DJ और धुमाल नहीं बजाया जाएगा।

DJ Rules

बैठक में शामिल डीजे संचालकों ने स्वयं पहल करते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की और प्रशासन द्वारा तय सभी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। संचालकों ने कहा कि वे ध्वनि प्रदूषण और समय सीमा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करेंगे ताकि शादी और अन्य कार्यक्रमों के दौरान किसी प्रकार का विवाद या परेशानी न हो।

विवाह सीजन को देखते हुए लिया गया फैसला

प्रदेश में होली के बाद नवरात्रि और रामनवमी के साथ ही 27 मार्च से विवाह सीजन शुरू हो जाएगा। इस दौरान DJ और धुमाल की मांग काफी बढ़ जाती है, जिससे कई बार देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजने के कारण विवाद और शिकायतें सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर में डीजे संचालकों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और संचालकों ने मिलकर नियमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

कोर्ट की गाइडलाइन का करना होगा पालन

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि DJ और धुमाल को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की सख्त गाइडलाइन लागू है। नियमों की अनदेखी करने पर संचालकों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा सकती है। इसी वजह से संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित डेसिबल सीमा के अंदर ही DJ और धुमाल बजाएं और रात 10 बजे के बाद तुरंत बंद कर दें।

पुलिस अधिकारियों ने दी नियमों की जानकारी

बैठक में विशेष रूप से

  • तारकेश्वर पटेल (एडीसीपी रायपुर सेंट्रल)
  • रमाकांत साहू (एसीपी सेंट्रल)
  • सतीश ठाकुर (एसीपी ट्रैफिक)

उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने रायपुर सहित अन्य जिलों से आए डीजे संचालकों को नियमों और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

डीजे संचालकों ने भी बैठक में यह निर्णय लिया कि यदि कोई संचालक नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ वे स्वयं भी कार्रवाई करेंगे और जुर्माना लगाने का प्रस्ताव रखेंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विवाह सीजन में लोगों की सुविधा और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस पहल को विवाह सीजन में व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *