Featuredछत्तीसगढ़

Women’s Day 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छत्तीसगढ़ महिला आयोग की बड़ी पहल 33 जिलों की महिलाओं के लिए 5 दिन की महा जन-सुनवाई

रायपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए एक बड़ी पहल की है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के नेतृत्व में 8 से 13 मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश में महा जन-सुनवाई सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 33 जिलों से जुड़े महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के मामलों की सुनवाई संभाग स्तर पर की जाएगी।

Women’s Day 2026

आयोग के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को तेज करना और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करना है। इस विशेष अभियान से हजारों महिलाओं और परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

370 से अधिक जनसुनवाई में 8000 से ज्यादा मामलों का निराकरण

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के आंकड़ों के अनुसार पिछले साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश में लगभग 370 से अधिक जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 8000 से ज्यादा मामलों का समाधान किया गया है। इसी अनुभव के आधार पर इस बार संभाग स्तर पर व्यापक महा जन-सुनवाई अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान में रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जगदलपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिलों के मामलों की सुनवाई की जाएगी।

सुबह 10 बजे से शुरू होगी सुनवाई

महिला आयोग के अनुसार सभी संभागों में जनसुनवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिन आवेदकों के मामले पहले से सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा। वहीं जो महिलाएं अभी तक आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे भी मौके पर नया आवेदन देकर अपनी समस्या रख सकती हैं।

दो न्यायपीठों का गठन

मामलों की संख्या को देखते हुए आयोग ने दो न्यायपीठों का गठन किया है।

  • मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक और संबंधित संभाग की प्रभारी सदस्य करेंगी। यहां गंभीर महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई होगी।
  • सहायक न्यायपीठ में आयोग की अन्य सदस्य रहेंगी, जहां काउंसलिंग और आपसी समझौते से समाधान वाले मामलों पर सुनवाई की जाएगी।

संभागवार जनसुनवाई कार्यक्रम

9 मार्च – सरगुजा संभाग
स्थान: जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर
कुल प्रकरण: 101

10 मार्च – बिलासपुर संभाग
स्थान: प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर
कुल प्रकरण: 169

11 मार्च – दुर्ग संभाग
स्थान: जिला महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर, दुर्ग
कुल प्रकरण: 113

12 मार्च – रायपुर संभाग
स्थान: छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग कार्यालय, शास्त्री चौक, रायपुर
कुल प्रकरण: 292

13 मार्च – बस्तर संभाग
स्थान: कलेक्ट्रेट परिसर, जगदलपुर
कुल प्रकरण: 87

महिलाओं को समय पर न्याय दिलाने का संकल्प

आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह महा जन-सुनवाई सप्ताह प्रदेश की महिलाओं के लिए न्याय का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि आयोग का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ की कोई भी महिला उत्पीड़न का शिकार न हो और उसे समय पर न्याय मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *