World Radio Day: विश्व रेडियो दिवस सीएम विष्णु देव साय का ऐलान – छत्तीसगढ़ में लगेंगे दो नए रेडियो ट्रांसमीटर, बढ़ेगा कवरेज
World Radio Day: विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश में रेडियो सेवाओं के विस्तार की बड़ी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेडियो कवरेज बढ़ाने के लिए अंबिकापुर और सरायपाली में दो नए ट्रांसमीटर स्थापित किए जाएंगे। इन ट्रांसमीटरों के शुरू होने से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक रेडियो की पहुंच और मजबूत होगी।
रेडियो आज भी सबसे विश्वसनीय माध्यम
सीएम साय ने अपने संबोधन में कहा कि आज सूचना क्रांति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में भी रेडियो अपनी विश्वसनीयता और सरल पहुंच के कारण जनसंचार का प्रभावी माध्यम बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी देश का सबसे भरोसेमंद संचार माध्यम है, जो आम जनता की जरूरतों के अनुसार कार्यक्रम प्रसारित करता है।
‘मन की बात’ से रेडियो की ताकत साबित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के लिए रेडियो को माध्यम के रूप में चुना है। यह इस बात का प्रमाण है कि रेडियो आज भी देश के कोने-कोने तक प्रभावी रूप से पहुंचता है।
छत्तीसगढ़ में पहले से सक्रिय हैं 6 स्टेशन
सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आकाशवाणी के छह स्टेशन लंबे समय से संचालित हो रहे हैं। रायपुर से विविध भारती सेवा का प्रसारण हो रहा है, जबकि अंबिकापुर में प्राइमरी स्टेशन कार्यरत है। दो नए ट्रांसमीटर लगने के बाद प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में भी रेडियो सिग्नल की गुणवत्ता बेहतर होगी और श्रोताओं को स्पष्ट प्रसारण मिल सकेगा।
विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेडियो केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त जरिया है।
