Tech News: Truecaller को कहिए बॉय-बॉय! आ गया CNAP, अब फोन उठाते ही…
Tech News: अब अनजान नंबर से आने वाली कॉल्स को लेकर डरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Truecaller जैसे थर्ड पार्टी ऐप्स की छुट्टी होने वाली है, क्योंकि भारत में जल्द ही CNAP (Calling Name Presentation) तकनीक लागू होने जा रही है। इस नई सुविधा के तहत फोन उठाते ही कॉल करने वाले का वेरिफाइड असली नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा।

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की ओर से CNAP को अक्टूबर 2025 में मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद नवंबर 2025 से लाइव टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल इसे अलग-अलग नेटवर्क पर चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है।
What is CNAP: क्या है CNAP तकनीक?
CNAP यानी Calling Name Presentation एक ऐसी तकनीक है, जिसके जरिए किसी भी अनजान नंबर से आए कॉल पर कॉलर का नाम अपने आप स्क्रीन पर दिखेगा। इसके लिए नंबर सेव करने या किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी। इस सुविधा के तहत कॉलर का नाम टेलीकॉम कंपनियों के KYC-वेरिफाइड रिकॉर्ड से लिया जाएगा, जिससे नाम की प्रामाणिकता बनी रहेगी।
नवंबर से शुरू हुई लाइव टेस्टिंग
CNAP को मंजूरी मिलने के बाद नवंबर 2025 से लाइव ट्रायल शुरू किया गया है।
- अभी यह सुविधा चुनिंदा नेटवर्क्स पर टेस्ट की जा रही है
- फिलहाल 4G और 5G स्मार्टफोन के लिए ट्रायल जारी है
- ट्रायल सफल रहने पर पुराने नेटवर्क्स को भी जोड़ा जाएगा
TRAI ने स्मार्टफोन कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे नए स्मार्टफोन्स में CNAP सपोर्ट देना शुरू करें।
ठगी और फर्जी कॉल्स पर लगेगी लगाम
पिछले कुछ वर्षों में फर्जी कॉल, टेली-स्कैम और साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। इसकी वजह से लोग अनजान नंबर से आने वाली कॉल्स उठाने से कतराने लगे हैं।
TRAI का मानना है कि जब कॉल करने वाले का सही और वेरिफाइड नाम दिखेगा, तो
- फर्जी कॉल्स में कमी आएगी
- साइबर ठगी पर लगाम लगेगी
- यूजर्स का भरोसा बढ़ेगा
कैसे काम करेगा CNAP
CNAP की सबसे बड़ी खासियत इसका खुद का डेटा सोर्स है।
- कॉलर का नाम सीधे टेलीकॉम कंपनियों के KYC रिकॉर्ड से लिया जाएगा
- सिम लेते समय आधार या अन्य आधिकारिक दस्तावेजों पर दर्ज नाम ही दिखेगा
- किसी थर्ड पार्टी ऐप या यूजर-एडिटेड डेटा पर निर्भरता नहीं होगी
इससे नाम गलत दिखने की संभावना बेहद कम हो जाएगी।
कब तक मिलेगी CNAP सुविधा?
TRAI के अनुसार, अगर ट्रायल सफल रहा तो अप्रैल 2026 तक CNAP सुविधा आम यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई जा सकती है।
