Featuredछत्तीसगढ़

CG News: 51 फीट ऊंचा शिखर, 15 करोड़ की लागत… गरियाबंद में बनेगा भव्य इस्कॉन मंदिर

CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में जल्द ही एक भव्य इस्कॉन मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। इंटरनेशनल सोसायटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (ISKCON) द्वारा श्री श्री राधा गिरिधारी मंदिर का निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इस भव्य मंदिर का शिखर 51 फीट ऊंचा होगा, जो जिले की धार्मिक पहचान को एक नई ऊंचाई देगा।

मिली जानकारी के अनुसार, इस भव्य इस्कॉन मंदिर का भूमिपूजन 22 दिसंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंदिर का निर्माण कार्य दो वर्षों के भीतर पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

छुरा मार्ग में बनेगा मंदिर

यह मंदिर छुरा मार्ग स्थित छिंद तालाब के पास बनाया जाएगा। इस्कॉन द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार मंदिर का आर्किटेक्चर पारंपरिक वैष्णव शैली पर आधारित होगा। यहां श्रीकृष्ण भक्ति, आध्यात्मिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं होंगी।

कई जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

भूमिपूजन कार्यक्रम में महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, राजिम विधायक रोहित साहू, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस भव्य इस्कॉन मंदिर के निर्माण से न सिर्फ गरियाबंद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। श्रद्धालुओं के लिए यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *