Featuredछत्तीसगढ़

Raipur News: राजधानी में यूथ कांग्रेस नेता का सड़क पर तांडव, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कई गाड़ियों को मारी टक्कर, VIDEO वायरल

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात यूथ कांग्रेस नेता द्वारा सड़क पर जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। बैजनाथ पारा इलाके में तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने कई खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और लोग बाल-बाल बच गए।

घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क पर बेकाबू होती नजर आ रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव पर आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर अपने साथियों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने बैजनाथ पारा क्षेत्र में तेज गति से वाहन चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मारी और जमकर हंगामा किया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राहुल ठाकुर और उनके साथियों को पकड़कर पीटा। किसी तरह आरोपी मौके से कार समेत फरार हो गए।

पुलिस ने लिया संज्ञान, दो आरोपी हिरासत में

घटना के बाद नाराज रहवासी देर रात कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल ठाकुर और पारस वाधवा को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी

बताया जा रहा है कि राहुल ठाकुर पहले भी विवादों में शामिल रह चुका है।
जानकारी के मुताबिक,

  • 28 जुलाई 2024 की रात करीब साढ़े 11 बजे राहुल ठाकुर अपने दोस्तों के साथ वुड आइलैंड (वुडलैंड) रेस्टोरेंट, सेरीखेड़ी गया था।
  • खाना खाने के दौरान रेस्टोरेंट स्टाफ से विवाद हुआ और दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई।

इसके अगले दिन

  • 29 जुलाई 2024, शाम 4:30 से 5 बजे के बीच राहुल ठाकुर 10 से 15 युवकों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा।
  • आरोप है कि रेस्टोरेंट में घुसते ही गाली-गलौज करते हुए स्टाफ को खोजा गया और
    • सोफा
    • कुर्सी
    • कांच
    • टीवी
    • फ्रिज
    • CCTV कैमरे
    • DJ सिस्टम

में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद स्टाफ डर के मारे रेस्टोरेंट से भाग गया था। इस मामले में रेस्टोरेंट मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने राहुल ठाकुर, प्रथम चौधरी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

लगातार घटनाओं से उठ रहे सवाल

यूथ कांग्रेस नेता से जुड़ी लगातार विवादित घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था और राजनीतिक संरक्षण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *