Mahadev Ghat Corridor Project: 8% कम बजट में बनेगा महादेव घाट कॉरिडोर, नगर निगम ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
Mahadev Ghat Corridor Project: राजधानी रायपुर के बहुप्रतीक्षित महादेव घाट कॉरिडोर का निर्माण तय बजट से लगभग 8 प्रतिशत कम लागत में किया जाएगा। नगर निगम रायपुर के चार बड़े प्रोजेक्ट्स में शामिल इस कॉरिडोर के लिए पहले 18 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में कम दर आने के बाद यह कार्य अब 17 करोड़ 60 लाख रुपये में पूरा होगा।

नगर निगम ने टेंडर स्वीकृत करने के बाद रेट अप्रूव्हल के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही भूमिपूजन के बाद नए साल से काम शुरू कर दिया जाएगा।
इन प्रोजेक्ट्स पर भी जल्द शुरू होगा काम
महादेव घाट कॉरिडोर के अलावा नगर निगम ने
- तेलीबांधा ट्रेड टॉवर,
- बूढ़ापारा सीएसईबी ऑफिस से टिकरापारा होते हुए पचपेढ़ी नाका तक गौरवपथ,
- शहर के 18 चौक-चौराहों (जंक्शन) के यातायात सुधार कार्य
के टेंडर भी स्वीकृत कर शासन को रेट अप्रूव्हल के लिए भेज दिए हैं। इन सभी परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 108 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पहली बार में ही आई बेहतर दरें
अधिकारियों के अनुसार इन सभी प्रोजेक्ट्स में केवल 18 जंक्शन के लिए दूसरी बार टेंडर करना पड़ा, जबकि शेष सभी कार्यों में पहली बार में ही अच्छी दरें प्राप्त हो गईं। रायपुर कंस्ट्रक्शन को गौरवपथ और 18 चौक-चौराहों का ठेका मिला है। इससे पहले यही एजेंसी यूथ हब चौपाटी का कार्य भी कर चुकी है। अन्य प्रोजेक्ट्स में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रायपुर की ही एजेंसियों ने बाजी मारी है।
नवंबर में मिली थी स्वीकृति, 21 दिन बाद खुले टेंडर
नवंबर के पहले सप्ताह में इन सभी प्रोजेक्ट्स को स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम ने टेंडर आमंत्रित किए थे। 21 दिन की तय समय-सीमा पूरी होने के बाद जब टेंडर खोले गए, तो इसमें अन्य राज्यों की एजेंसियों ने भी स्थानीय ठेकेदारों के साथ भाग लिया।
- तेलीबांधा ट्रेड टॉवर (अनुमानित लागत 38 करोड़) के लिए न्यूनतम दर 37 करोड़ रुपये आई, जिसे निविदा समिति ने स्वीकृत कर लिया।
- महादेव घाट कॉरिडोर के लिए 18 करोड़ की लागत में से 8 प्रतिशत कम, यानी लगभग 1 करोड़ 44 लाख रुपये कम की दर पर टेंडर स्वीकृत हुआ।
- 18 चौक-चौराहों के कार्य में भी 7 प्रतिशत कम दर आई, जिससे 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत में और कमी आएगी।
खम्हारडीह टंकी से मिलेगा जलसंकट से राहत
अधिकारियों ने बताया कि यदि खम्हारडीह टंकी का निर्माण मार्च से पहले पूरा हो जाता है, तो आगामी गर्मी में कचना समेत आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों को जलसंकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
महादेव घाट कॉरिडोर में तीन विभाग करेंगे काम
महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर बनने वाले महादेव घाट कॉरिडोर का कार्य
- नगर निगम,
- सिंचाई विभाग और
- लोक निर्माण विभाग (PWD)
के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए विधायक राजेश मूणत द्वारा दो अलग-अलग आर्किटेक्ट से प्रस्ताव मंगाए गए थे। निर्देश दिए गए हैं कि
- कॉरिडोर मार्ग में आने वाली दुकानों को हटाए बिना व्यवस्थित रूप दिया जाएगा,
- सामाजिक भवनों के रास्तों को कॉरिडोर से अलग किया जाएगा।
कॉरिडोर का निर्माण कार्य महादेव घाट चौक के पास पेट्रोल पंप के सामने से शुरू किया जाएगा।
