Featuredछत्तीसगढ़

Science College Chaupati: एग्रीमेंट उल्लंघन पर दुकानें शिफ्ट, महापौर बोलीं- जल्द बनेगा नालंदा परिसर

Science College Chaupati: राजधानी रायपुर के जीई रोड स्थित साइंस कॉलेज चौपाटी को नगर निगम ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जोरदार विरोध और हंगामा किया। चौपाटी हटाने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने मामले पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।


MLA राजेश मूणत बोले— एग्रीमेंट के अनुसार दुकानें नहीं खोली गईं, इसलिए की गई शिफ्टिंग

रायपुर पश्चिम से भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि चौपाटी का विवाद कोई नया नहीं है, यह साढ़े तीन साल पुराना मुद्दा है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी ने इसे यूथ हब के रूप में विकसित किया था, लेकिन यह जमीन नगर निगम की नहीं, बल्कि खेल विभाग की है। भाजपा नेताओं ने पहले भी चौपाटी को अवैध बताते हुए 12 दिन तक विरोध प्रदर्शन किया था। मूणत के अनुसार, 29 लाख रुपये में चौपाटी संचालन की जिम्मेदारी एक एजेंसी को दी गई थी और 60 दुकानों से हर महीने 25 हजार रुपये किराया लिया जाता था।

उन्होंने कहा कि, “एग्रीमेंट के तहत जिन दुकानों को खोलना था, उन्हें नहीं खोला गया। इसी कारण उन दुकानों को शिफ्ट किया गया है। कांग्रेस इसका विरोध केवल राजनीति के लिए कर रही है।”

महापौर मीनल चौबे का अपडेट— यहाँ बनेगा ‘नालंदा परिसर’

रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि भाजपा पहले से ही इस अवैध चौपाटी के खिलाफ थी। उन्होंने बताया कि अब अमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट किए गए कारोबारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने कहा कि चौपाटी की पुरानी जगह पर जल्द ही नालंदा परिसर का निर्माण किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम के सदस्य और भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *