Railway News: रेलवे में सुरक्षा सख्त, रेलवे बोर्ड ने जारी किया निर्देश
Railway News: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब ट्रेन में तैनात सभी कोच अटेंडेंट, ओबीएचएस कर्मियों, लिनेन स्टाफ और अन्य संविदा कर्मचारियों का दोबारा पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी जोनल कार्यालयों को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।

रेलवे बोर्ड के नोटिस में कहा गया है कि ऑनबोर्ड काम करने वाले सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन पूरा कर CMM पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य है। यह कदम हाल ही में एक ट्रेन में पुलिस जवानों के साथ मारपीट की घटना के बाद उठाया गया है, जिसके बाद रेलवे ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त करने का निर्णय लिया।
20 नवंबर तक पोर्टल पर अनिवार्य अपडेट
निर्देशों के मुताबिक सभी जोनों को 20 नवंबर तक संबंधित कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन का डेटा CMM पोर्टल पर अपडेट करना होगा। इसके साथ-साथ बीच-बीच में प्रोग्रेस डेटा अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
संविदा कर्मियों की क्राइम हिस्ट्री बन सकती है खतरा
ट्रेनों में बड़ी संख्या में संविदा आधारित स्टाफ काम करता है—जैसे कोच अटेंडेंट, बेड रोल वितरक और ओबीएचएस कर्मचारी। ये प्रतिदिन हजारों यात्रियों के बीच रहते हैं, ऐसे में क्राइम प्रवृत्ति वाले कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसी वजह से रेलवे ने दोबारा वेरिफिकेशन को अनिवार्य किया है ताकि किसी भी संदिग्ध रिकॉर्ड वाले व्यक्ति को ट्रेनों में तैनात न किया जाए।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों को केवल सुविधा ही नहीं बल्कि सुरक्षित यात्रा अनुभव दिलाने के लिए आवश्यक है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनबोर्ड कर्मचारियों की निगरानी और विश्वसनीयता दोनों में सुधार होगा।
