CG News: महात्मा गांधी की मूर्ति तोड़े जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश, आरोपी हिरासत में
CG News: गरियाबंद जिले के ग्राम जेन्जरा में महात्मा गांधी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम के ही निवासी पूनानंद उर्फ राजू साहू को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वर्गीय रघुनाथ साहू की स्मृति में महात्मा गांधी की एक प्रतीकात्मक प्रतिमा स्थापित की गई थी। वर्ष 2019 में तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अमितेश शुक्ल ने गांव के गांधी चौक में इस प्रतिमा का अनावरण किया था। तब से ग्रामीण यहां गांधी जयंती सहित अन्य अवसरों पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे हैं।
बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मूर्ति को खंडित कर दिया गया। सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त दिखने पर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने इसे राष्ट्रपिता के आदर्शों और सिद्धांतों के अपमान की घटना बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी इस कृत्य को असहनीय बताते हुए दोषी को कठोर सजा देने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
