WhatsApp Outage: अचानक ठप पड़ा WhatsApp, हजारों यूजर्स हुए परेशान, Microsoft और AWS पर भी असर
WhatsApp Outage: बुधवार शाम अचानक WhatsApp ने काम करना बंद कर दिया, जिससे देशभर में हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। वेबसाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के अनुसार, करीब 79% यूजर्स को ऐप के इस्तेमाल में दिक्कत आई, जबकि 12% यूजर्स सर्वर कनेक्शन की समस्या से जूझते रहे। वहीं 9% यूजर्स ने बताया कि वे मैसेज भेज नहीं पा रहे थे।

यह तकनीकी खराबी बुधवार शाम करीब 7 बजे शुरू हुई और देर रात 10 बजे तक कई यूजर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर्स ने #WhatsAppDown और #WhatsAppOutage जैसे हैशटैग के साथ शिकायतें दर्ज कीं।
एक यूजर ने लिखा — “डिवाइस को बार-बार रीस्टार्ट करने के बाद भी WhatsApp काम नहीं कर रहा।” वहीं दूसरे यूजर ने बताया कि iPhone पर ऐप लॉन्च स्क्रीन पर ही अटक जा रहा है। यूजर ने कहा — “मेरा WhatsApp पूरी तरह अपडेटेड है, फिर भी ऐप खुल नहीं रहा।”
Downdetector का हीटमैप दिखा रहा असर
Downdetector के अनुसार, भारत के कई हिस्सों — दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में यूजर्स को WhatsApp की सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ा। हीटमैप से पता चला कि ऐप ओपन करने, चैट भेजने और नोटिफिकेशन लोड करने में बाधा आ रही थी।
Microsoft और AWS सेवाओं पर भी पड़ा असर
WhatsApp के साथ ही Microsoft Azure, Microsoft 365 और Microsoft Teams में भी बुधवार रात तकनीकी समस्या दर्ज की गई। Downdetector के अनुसार, रात 8 से 10 बजे के बीच 600 से अधिक यूजर्स ने Azure की शिकायत की। इसके अलावा, 250 से ज्यादा यूजर्स ने Microsoft 365 और लगभग 200 यूजर्स ने Microsoft Store से संबंधित दिक्कतें बताईं। इसी दौरान, Amazon Web Services (AWS) और Minecraft प्लेटफॉर्म्स ने भी आउटेज की सूचना दी।
पिछले हफ्ते भी आई थी आउटेज की समस्या
पिछले हफ्ते मंगलवार को भी भारत में कई लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स — जैसे Snapchat, Roblox, Canva और AWS प्रभावित हुए थे। उस दौरान सबसे ज्यादा असर Snapchat पर देखा गया था, जहां 11,000 से अधिक यूजर्स ने सर्विस फेल्योर की शिकायत की थी।
