Featuredछत्तीसगढ़

Force for Good Heroes: KBC में छत्तीसगढ़ के पत्रकार रोमशंकर यादव को मिला सम्मान

Force for Good Heroes: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर पर्यावरण संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले छत्तीसगढ़ के पत्रकार और राज्य अलंकरण प्राप्त रोमशंकर यादव को ‘Force for Good Heroes’ सम्मान से नवाजा। यह सम्मान आदित्य बिरला ग्रुप की ओर से पर्यावरण के प्रति समर्पित व्यक्तियों को दिया जाता है।

Force for Good Heroes

इस सीजन में देशभर से केवल 10 लोगों का चयन हुआ है, जिनमें से एक नाम रोमशंकर यादव का भी है। पिछले 27 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे यादव को मंच पर खुद अमिताभ बच्चन ने स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान किया।

अमिताभ बच्चन हुए प्रभावित, बोले — “मैं भी करूंगा पौधारोपण”

कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन ने कहा —

“मैं श्री रोमशंकर यादव की मुहिम से बहुत प्रभावित हूं। अब मैं भी हर साल अपने जन्मदिन पर पौधारोपण करूंगा और लोगों को प्रेरित करूंगा कि मांगलिक अवसरों पर पौधे भेंट करें।”

रोमशंकर यादव की यह मुहिम जन्मदिन, विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर पौधारोपण करने और पौधे उपहार देने की है, जिसे अब देशभर में सराहा जा रहा है।

कैसे शुरू हुई रोमशंकर यादव की हरित यात्रा

रोमशंकर यादव ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पेड़-पौधों से लगाव था। पर्यावरण पर लगातार रिपोर्टिंग करते हुए उन्होंने देखा कि मरौदा डेम के आसपास बीएसपी द्वारा लगाए गए लाखों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है। उसी समय उन्होंने ठान लिया कि जैसे स्वर्गीय गैंदलाल देशमुख ने अपनी मेहनत से बंजर भूमि को जंगल में बदला, वैसे ही वे भी अपने क्षेत्र के जंगलों को बचाएंगे। उन्होंने अपने साथियों ज्ञानप्रकाश साहू, प्रेमनारायण वर्मा, सरोज साहू, राजेश चंद्राकर, विश्वकुमार साहू आदि के साथ मिलकर ‘हितवा संगवारी’ संगठन की स्थापना की। अब तक वे और उनकी टीम 6.5 लाख पेड़ों को कटने से बचा चुके हैं और 2 लाख नए पौधे तैयार किए हैं — यानी कुल 8.5 लाख पेड़ों का संरक्षण।

पर्यावरण संरक्षण पर अद्भुत विचार

KBC मंच पर अमिताभ बच्चन द्वारा पूछे गए प्रश्न पर यादव ने कहा —

“पेड़ लगाना और उसकी रक्षा करना सबसे निःस्वार्थ पूजा है। यह सबको ऑक्सीजन देता है — चाहे मित्र हो या शत्रु। इसलिए हर व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति अगर अपने जन्मदिन, शादी या गृह प्रवेश जैसे अवसरों पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पूरा भारत हरा-भरा हो सकता है।

खारून नदी पर पदयात्रा और सरकार को सुझाव

रोमशंकर यादव ने खारून नदी तट पर लगभग 250 किलोमीटर की पदयात्रा भी की है ताकि लोगों को पर्यावरण के महत्व से जोड़ सकें। उन्होंने सरकार से अपील की है कि शासकीय पौधारोपण में एक ही प्रकार के फलदार पेड़ एक साथ लगाए जाएं, जिससे यह पर्यावरण और आर्थिक दोनों दृष्टि से उपयोगी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *