Featuredविदेश

First Woman Prime Minister: साने ताकाइची बनेंगी जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री, शिगेरु इशिबा का स्थान लेंगी

First Woman Prime Minister: जापान के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पूर्व आर्थिक सुरक्षा मंत्री साने ताकाइची (Sanae Takaichi) को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) का नया नेता चुना गया है। ताकाइची अब जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने वाली हैं। वह 15 अक्टूबर 2025 को आधिकारिक रूप से शिगेरु इशिबा (Shigeru Ishiba) का स्थान लेंगी।

First Woman Prime Minister


पार्टी चुनाव में ताकाइची को मिला बहुमत

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व की दौड़ में पांच उम्मीदवार शामिल थे। पहले चरण के मतदान में किसी को बहुमत नहीं मिलने के बाद, दूसरे दौर में साने ताकाइची को 185 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी कोइजुमी को 156 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ ताकाइची ने LDP की कमान अपने हाथों में ले ली है।

‘आबेनॉमिक्स’ की समर्थक हैं ताकाइची

लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ने बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव के बीच ताकाइची को जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने के लिए चुना है। वह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की ‘आबेनॉमिक्स’ (Abenomics) नीति की मजबूत समर्थक हैं, जिसमें अधिक सरकारी खर्च और आसान मौद्रिक नीति के जरिए अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया गया था। उन्होंने पहले भी बैंक ऑफ जापान की ब्याज दर वृद्धि का विरोध किया था।

पूर्व टीवी एंकर से बनीं जापान की नेता

राजनीति में आने से पहले साने ताकाइची एक लोकप्रिय टेलीविजन एंकर थीं। उन्होंने 1993 में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जापान की संसद के निचले सदन में प्रवेश किया। वर्तमान में 64 वर्षीय ताकाइची अपने गृह प्रांत नारा का प्रतिनिधित्व करती हैं।

थैचर की प्रशंसक और जापानी राजनीति की नई मिसाल

ताकाइची ने अपने राजनीतिक करियर में आर्थिक सुरक्षा, आंतरिक मामलों और लैंगिक समानता मंत्री जैसे कई महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। वह पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की प्रशंसक हैं और अपनी सख्त नीति व नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं। उनका प्रधानमंत्री बनना जापान की पुरुष-प्रधान राजनीति में एक ऐतिहासिक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *