Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: चक्रवात का असर पड़ेगा या नहीं? अंबिकापुर में 11°C तापमान, जानें छत्तीसगढ़ का लेटेस्ट मौसम अपडेट

CG Weather Today: बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसम सिस्टम लगातार सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है और आने वाले दो दिनों में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। हालांकि फिलहाल छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यदि संभावित चक्रवात उत्तर दिशा की ओर बढ़ता है तो इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। 15 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने वाली है, इसलिए किसानों और संबंधित एजेंसियों को मौसम पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

बीते 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी प्रकार की बारिश या खराब मौसम की चेतावनी जारी नहीं की है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। इसके 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव, 15 नवंबर तक अवदाब और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक लगातार इसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
रायपुर30°C16°C
बिलासपुर30°C16°C
दुर्ग30°C16°C
राजनांदगांव30°C17°C
पेंड्रा रोड28°C14°C
अंबिकापुर27°C11°C
सूरजपुर28°C12°C
जगदलपुर29°C14°C

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *