Featuredखेलछत्तीसगढ़

IND W vs ZIM W 3rd T20I: रायपुर में भारत का 3-0 से क्लीन स्वीप, CM विष्णुदेव साय बोले- ऐतिहासिक सीरीज से प्रदेश की बेटियों को मिलेगी नई प्रेरणा

IND W vs ZIM W 3rd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली गई तीन मैचों की महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप कर सीरीज अपने नाम कर ली। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम मुकाबले का आनंद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी लिया। उन्होंने भारतीय महिला टीम की शानदार जीत पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक महिला टी-20 सीरीज से प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

IND W vs ZIM W 3rd T20I


भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन कर 3-0 से जीत दर्ज की। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि को भारतीय महिला क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पहली बार छत्तीसगढ़ में हुई महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 सीरीज

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन प्रदेश की खेल संस्कृति के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को अपने सामने खेलते हुए देखकर प्रदेश की बेटियों में भी खेलों के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा। इससे भविष्य में अधिक युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित होंगे।

महिलाओं के लिए स्टेडियम में रहा निःशुल्क प्रवेश

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था।

खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने के बाद यहां नियमित रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हुआ है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़े खिलाड़ियों से सीखने और खेल प्रेमियों को विश्वस्तरीय मुकाबले देखने का अवसर मिल रहा है।

नवा रायपुर बन रहा स्पोर्ट्स और इवेंट हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ-साथ आईपीएल के मैचों का सफल आयोजन भी किया जा चुका है। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला के सफल आयोजन से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन केवल खेल संस्कृति को ही मजबूत नहीं करते, बल्कि पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी नई गति देते हैं। इससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

खेलों में बेटियों को मिलेगा नया मंच

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने का सकारात्मक माहौल बना है। भारतीय बेटियां लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला आने वाली पीढ़ी, विशेषकर प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *