Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today : मानसून की विदाई के साथ बदला मौसम, जानें आज का लेटेस्ट अपडेट

CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला तेज हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून लौट चुका है और मौसम अब शुष्क होता जा रहा है। बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं, जिससे दिन में तेज धूप और उमस का असर महसूस होने लगा है।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंडक बढ़ सकती है।फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इसी कारण अगले कुछ दिनों तक अधिकांश जिलों में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 5 अक्टूबर को राजधानी रायपुर का आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

बीते 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में राजनांदगांव में सबसे अधिक 35.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम 18.0°C तापमान दर्ज हुआ। फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है।

इन इलाकों से भी लौट सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई संभव है।वर्तमान में मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार और विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है, लेकिन इसके प्रभाव से फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना बेहद कम है।

दिन में गर्मी, रात में बढ़ेगी ठंडक

मानसून की वापसी के बाद प्रदेश में मौसम तेजी से बदलने लगेगा। दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी और तेज धूप का असर रहेगा, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दिन में धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *