CG Weather Today: छत्तीसगढ़ के 28 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, कल से कमजोर पड़ेगा मानसून
CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है और कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। निम्न दबाव क्षेत्र समेत कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।

मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को शहर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
31 अगस्त तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश जैसी स्थिति भी बनी। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 2 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।
चांदो में 29 सेमी बारिश, रायपुर में 7 सेमी
पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। चांदो में सबसे ज्यादा 29 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोटाडोल में 17 सेमी और कुसमी में 13 सेमी बारिश हुई। प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12 सेमी, सामरी में 9 सेमी तथा भखारा और धमतरी में 7-7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में भी 7 सेमी बारिश दर्ज हुई।
इसके अलावा बलरामपुर, कुकरेल, केल्हारी, डौरा कोचली और तोकापाल में 6-6 सेमी बारिश हुई। जनकपुर-भरतपुर, कुरूद, अंबिकापुर, सूरजपुर, लटोरी, लाभांडीह, राजपुर, मगरलोड, गुरुर, माना-रायपुर एपी, रामानुजनगर और बेलरगांव में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
सोनहत, नरहरपुर, मैनपुर, भटगांव, डौंडी, बालोद, केशकाल, राजिम, बिहारपुर, भानुप्रतापपुर और गरियाबंद में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज की गई।
2 सितंबर से मिल सकती है बारिश से राहत
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों में सिस्टम के कमजोर पड़ने के साथ बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है। 2 सितंबर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अपेक्षाकृत कमजोर पड़ने की संभावना है।
हालांकि, स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें जारी रह सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
