Raksha Bandhan Special Train: रक्षाबंधन पर रेलवे का तोहफा, दुर्ग-रायगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल पैसेंजर ट्रेन
Raksha Bandhan Special Train: रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह स्पेशल ट्रेन 27 से 29 अगस्त 2026 तक चलेगी। ट्रेन में कुल 10 ICF कोच होंगे, जिनमें 8 जनरल और 2 SLRD कोच शामिल हैं।

किन यात्रियों को मिलेगा फायदा?
इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, तिल्दा-नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत रूट के कई स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी। रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश, अगले 24 घंटे बाद कमजोर
दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और रात 7:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना, सरस्वती नगर, रायपुर, डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ और तिल्दा-नेवरा सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। इसके बाद ट्रेन हथबंद, भाटापारा, निपानिया, दागोरी, बिल्हा, चक्करभाटा, दाधापारा और बिलासपुर पहुंचेगी। आगे ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सारागांव-देवरी, बुढार, सक्ती, जारडीह, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर होते हुए रायगढ़ पहुंचेगी।
रक्षाबंधन पर यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है। दुर्ग-रायगढ़ के बीच यह पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प देगी और त्योहार के दौरान यात्रा को आसान बनाने में मदद करेगी।
