IFS Transfer: वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चार वरिष्ठ IFS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
IFS Transfer Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वरिष्ठ स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं।

कोलेन्द्र कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार
सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं मूल्यांकन) कोलेन्द्र कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायपुर के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे अनुसंधान और प्रशिक्षण गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ओपी यादव को वन्यजीव प्रबंधन की जिम्मेदारी
वन विभाग में एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत ओपी यादव को प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) एवं सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता प्रबंधन से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Meta AI Data Center: Meta और Reliance की बड़ी साझेदारी, भारत में बनेगा पहला AI डेटा सेंटर
शालिनी रैना को CAMPA का अतिरिक्त प्रभार
वर्ष 2001 बैच की वरिष्ठ IFS अधिकारी शालिनी रैना को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CAMPA) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वर्तमान में वे वन मुख्यालय में प्रशासन, समन्वय तथा राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन कर रही हैं।
माधेश्वर डी. को विकास एवं योजना विभाग की जिम्मेदारी
इसके अलावा माधेश्वर डी. को प्रभारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास एवं योजना, बजट, लेखा एवं लेखा परीक्षण) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में वन्यजीव प्रबंधन एवं योजना, राज्य जैव विविधता बोर्ड तथा राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण से जुड़े विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
वन विभाग में किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य वन संरक्षण, जैव विविधता प्रबंधन, अनुसंधान और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

