Raipur Bank Fire: सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में लगी आग, मचा हड़कंप, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
Raipur Bank Fire: राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शनिवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

दफ्तर पहुंचते ही कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक बैंक कार्यालय से धुआं निकलता देख कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
आसपास की दुकानों को कराया गया खाली
सुरक्षा के मद्देनजर बैंक कार्यालय के आसपास स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को एहतियातन खाली करा लिया गया है। प्रशासन किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: बस्तर समेत कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश, अगले 5..
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर मौजूद
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम लगातार मशक्कत कर रही है। वहीं रायपुर नगर निगम के पानी टैंकर भी मौके पर बुलाए गए हैं ताकि आग को तेजी से नियंत्रित किया जा सके। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
