Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: बस्तर समेत कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश, अगले 5 दिनों तक गरज-चमक और वर्षा के आसार

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत हो चुकी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिली है। हालांकि राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मध्य क्षेत्रों में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं, वज्रपात और वर्षा की संभावना जताई है।

CG Weather Today 06 June 2026


बिलासपुर रहा सबसे गर्म, तापमान 42 डिग्री के पार

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। हालांकि दिन के समय अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बस्तर और सरगुजा में अच्छी बारिश

प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है और बस्तर क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। मानसून के आगमन के लिए आवश्यक परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


मानसून की रफ्तार पकड़ने के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *