Jungle Safari Ticket Price Hike: नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमना अब पड़ेगा महंगा, टिकट दरों में बड़ा इजाफा
Jungle Safari Ticket Price Hike: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित नवा रायपुर के नंदनवन जू और जंगल सफारी की सैर अब पर्यटकों की जेब पर भारी पड़ने वाली है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क, सफारी टिकट और अन्य सुविधाओं की नई दरें जारी कर दी हैं। नई दरों के अनुसार कई श्रेणियों में टिकट कीमतों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ सेवाओं के शुल्क पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक कर दिए गए हैं।

जू एंट्री टिकट के बढ़े दाम
नई प्रस्तावित दरों के मुताबिक 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश शुल्क 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु के पर्यटकों को अब 50 रुपये की जगह 100 रुपये चुकाने होंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए एंट्री टिकट 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है।
हालांकि दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैध पहचान पत्र के आधार पर नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा जारी रहेगी। लेकिन यह छूट सप्ताहांत, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों पर लागू नहीं होगी।
सफारी राइड भी हुई महंगी
सफारी राइड के लिए भी टिकट दरों में बढ़ोतरी की गई है। 6 से 12 वर्ष के बच्चों को सामान्य बस के लिए 100 रुपये, एसी बस के लिए 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 175 रुपये शुल्क देना होगा।
वहीं वयस्कों के लिए सामान्य बस का किराया 150 रुपये, एसी बस का 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस का 250 रुपये निर्धारित किया गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी टिकट 750 रुपये से लेकर 1250 रुपये तक तय किए गए हैं।
जिप्सी सफारी के नए शुल्क
जिप्सी सफारी का आनंद लेने के लिए अब प्रति व्यक्ति 700 रुपये और पूरी जिप्सी बुक करने पर 3500 रुपये देने होंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए यह शुल्क क्रमशः 350 रुपये प्रति व्यक्ति और 2000 रुपये प्रति जिप्सी रखा गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए जिप्सी सफारी शुल्क 1500 रुपये प्रति व्यक्ति और 7000 रुपये प्रति जिप्सी निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से बदला मौसम, छत्तीसगढ़ में बारिश का..
फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी शुल्क
जंगल सफारी और नंदनवन जू में प्रोफेशनल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए भी शुल्क निर्धारित किया गया है। एक दिन की फोटोग्राफी के लिए 5000 रुपये और कमर्शियल वीडियोग्राफी या फिल्म शूटिंग के लिए 15,000 रुपये शुल्क देना होगा। यह अनुमति संबंधित अधिकारियों की स्वीकृति के बाद ही मिलेगी।
छात्रों को मिलेगी विशेष छूट
सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के छात्रों को 50 प्रतिशत तथा निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
नई टिकट दरों के लागू होने के बाद पर्यटकों को जंगल सफारी और नंदनवन जू की यात्रा के लिए पहले से अधिक खर्च करना पड़ेगा। हालांकि विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई आय का उपयोग पर्यटकों की सुविधाओं और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
